अनंत सिंह को कोर्ट से नही मिली राहत,20 मई को होगी अगली सुनवाई
पटना। हथियारो के प्रदर्शन मामले में आरोपित मोकामा विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका को लेकर शुक्रवार को एडीजे-3 सह विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट राजेंद्र कुमार पांडेय की अदालत में सुनवाई हुई।
इस दौरान विधायक पक्ष के अधिवक्ता ने अदालत के समक्ष अपनी दलीलें पेश कीं। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद अदालत ने मामले की केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई की तिथि 20 मई निर्धारित की है।
उल्लेखनीय है,कि यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव पंचायत में आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम से जुड़ा है। बीते मई माह में आयोजित इस कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह शामिल होने पहुंचे थे।इसी दौरान कार्यक्रम में हथियारों के प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। जांच के क्रम में विधायक सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं विधायक पक्ष इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए अदालत से राहत की मांग कर रहा है। अदालत द्वारा केस डायरी तलब किए जाने के बाद अब सभी की निगाहें 20 मई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि केस डायरी प्रस्तुत होने के बाद अदालत जमानत याचिका पर महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।

