कोटवा के श्रम परिवर्तन पदाधिकारी के विरुद्ध यौन शोषण का आरोप, मामला दर्ज
मोतिहारी। कोटवा प्रखंड में पद्स्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के विरुद्ध एक लड़की ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मूल रूप से भागलपुर एवं वर्तमान में पटना में रहकर पढ़ाई कर रही युवती ने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए है।
युवती का कहना है कि वर्ष 2023 में उसकी जान पहचान अप्पू कुमार से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई। बार बार बातचीत होने लगा। इस बीच अप्पू कुमार लड़की को पटना एक होटल के कमरे में बुलाए और शादी का झांसा देते हुए यौन संबंध बनाया। इस दौरान कभी अप्पू कुमार पटना जाते थे तो कभी लड़की को मोतिहारी बुलाते और शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ लगातार यौन संबंध बनाए गए। इस बीच वह गर्भवती ही गई तो उसका गर्भपात भी कराया गया।
11 मई 2025 को लड़की को एक बार फिर से पेट में दर्द हुआ,डाक्टर ने उसके फिर से गर्भवती होने की बात कही। उसने अप्पू कुमार को फोन कर जानकारी दी तो उसे मोतिहारी शहर के अगरवा मोहल्ले में अपने घर बुलाए। जहां कुछ अन्य लोगों के सहयोग से उसे पुनः गर्भपात कराने को विवश किया गया और दवा खिलाई गई। इस दौरान उसकी हत्या करने की बात भी कही जा रही थी। घटना को लेकर महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी का कहना है कि आरोप गम्भीर है जिसको लेकर एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की गई है।

