एम्स,दरभंगा का निर्माण कार्य तथा डीएमसीएच का पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें: मुख्यमंत्री

एम्स,दरभंगा का निर्माण कार्य तथा डीएमसीएच का पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें: मुख्यमंत्री
Facebook WhatsApp

दरभंगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा की समीक्षात्मक बैठक हुई।बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स, दरभंगा का निर्माण कार्य तथा डीएमसीएच का पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय बनाने के लिए जो मानक निर्धारित हैं उसको ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार के साथ होनेवाली अगली बैठक में उन मानकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा अवश्य करें। दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा यथाशीघ्र शुरू कराएं। प्राथमिकता के आधार पर दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाएं, यदि किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो उसका त्वरित समाधान करें।

सम्राट चौधरी ने कहा कि डीएमसीएच के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाकर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराएं। यहां डीएमसीएच का जीर्णोद्धार कार्य तथा एम्स का निर्माण चल रहा है। ऐसी स्थिति में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। बिहार में मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को हर हाल में समाप्त करना है। इसके लिए एसओपी बनाएं। दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों को आसानी से मिले, इस पर विशेष ध्यान दें।

मुख्यमंत्री के समक्ष अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दरभंगा (एम्स) के उप निदेशक रजनीश मिश्रा ने निर्माणाधीन दरभंगा एम्स की कार्य प्रगति के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। उप निदेशक ने अपने प्रस्तुतीकरण में भू-अर्जन, सिविल वर्क, साइट प्लान, रोड कनेक्टिविटी / चौड़ीकरण, दरभंगा एम्स के पास प्रस्तावित रिंग बांध, पेयजल, इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन आदि के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात् स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने प्रस्तुतीकरण के जरिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति के हर पहलू से मुख्यमंत्री को विस्तार पूर्वक अवगत कराया। कुमार रवि ने बताया कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज लहेरियासराय, दरभंगा में 250 छात्रों का नामांकन हो रहा है तथा 1700 शैय्या के अस्पताल का पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page