18 अक्टूबर से नगर परिषद के सफाईकर्मी करेगे हड़ताल, मांगो को लेकर दी चेतावनी
रक्सौल। स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ (ऐक्टू) रक्सौल इकाई के सफाई मजदूरों ने बुधवार को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार को अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
संघ के महासचिव चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि यदि नगर परिषद प्रशासन 17 अक्टूबर तक उनकी मांगों पर विचार नहीं करता है तो 18 अक्टूबर से सभी सफाई कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे।
सफाई कर्मियों की सेवा नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, दैनिक मानदेय का निर्धारण, आउटसोर्स पर कार्यरत मजदूरों को 60 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा, निजी संचिका और सेवा अभिलेख का निर्माण, एसीपी का लाभ, कार्य के दौरान मृत्यु पर आश्रितों को अनुकंपा आधारित नौकरी के साथ 10 लाख रुपये का मुआवजा और आजीवन पेंशन जैसी मांगें शामिल है।
महासचिव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता और रसोइयों का मानदेय तो बढ़ा दी है, लेकिन नगर परिषद व नगर निगम के सफाई कर्मियों को इससे वंचित रखकर सौतेला व्यवहार कर रही है।
संघ के नेताओं ने कहा कि सरकार व नगर परिषद प्रशासन ने अब तक सफाई कर्मियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया है। यह स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर हो गई है। मौके पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद थे।

