‘सुरक्षित बचपन सुरक्षित भविष्य’ को लेकर विद्यालयों व समुदाय स्तर पर चलेगा जागरुकता अभियान : त्रिपाठी

‘सुरक्षित बचपन सुरक्षित भविष्य’ को लेकर विद्यालयों व समुदाय स्तर पर चलेगा जागरुकता अभियान : त्रिपाठी
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव नितिन त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन निर्धारित विषय सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य के आलोक में किया गया। जिसमें विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर पोक्सो एक्ट 2012 के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा की गई।

बैठक में सचिव ने निर्देश दिया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी जाए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा विद्यालयों में सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण तैयार करना आवश्यक है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन समितियों, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, पुलिस विभाग, महिला हेल्पलाइन, आशा कार्यकताओं एवं स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यालयों में लीगल अवेयरनेस कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे, जहां बच्चों एवं अभिभावकों को हेल्पलाइन नंबर, कानूनी सहायता एवं शिकायत प्रक्रिया संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

साथ ही बच्चों को सरल एवं रोचक माध्यमों जैसे नुक्कड़ नाटक, कहानी, ऑडियो-वीडियो सामग्री एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। सचिव श्री त्रिपाठी ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, की ओर से पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। बैठक में सुनील कुमार पुलिस उपाधीक्षक, निधि वरीय उप समाहर्ता, ज्ञानेश्वर प्रकाश जिला जन संपर्क पदाधिकारी, प्रशांत कुमार चौधरी, संतोष कुमार पांडेय जिला कल्याण पदाधिकारी, डॉ. मुकेश कुमार कुशवाहा, चन्द्रदीप कुमार अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page