फंदे से लटका मिला छात्र का शव,प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका
मोतिहारी। शहर से सटे रघुनाथपुर में एक छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। दोस्त की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों और रघुनाथपुर पुलिस टीम ने शव को नीचे उतारकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर सरेया निवासी छोटेलाल दास के 26 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मनीष रघुनाथपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान तुरकौलिया थाना क्षेत्र की एक लड़की से वह पिछले तीन-चार वर्षों से फोन पर बातचीत करता था। हाल ही में लड़की की शादी तय हो जाने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
बताया गया कि बीती रात करीब 10 बजे मनीष ने अपने पिता से फोन पर बात की थी। पिता ने जब उससे खाना खाने के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि वह खाना खाकर सोने जा रहा है। इसके बाद परिवार से उसकी कोई बात नहीं हुई। रात करीब ढाई बजे मनीष के दोस्त ऋषभ ने उसके छोटे भाई अभिषेक को फोन कर बताया कि मनीष अब इस दुनिया में नहीं रहा।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि जिस कमरे में वह रहता था, उसी में उसका शव रखा हुआ था। मनीष के मोबाइल की जांच में पता चला कि रात करीब साढ़े 10 बजे उसकी आखिरी बातचीत उसकी गर्लफ्रेंड सोना से हुई थी।

