मोतिहारी पुलिस ने अंतराज्यीय शराब तस्कर को पटना से किया गिरफ्तार
-यूपी के बड़े स्प्रिट सप्लायर से है कनेक्शन
मोतिहारी। मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने पटना के आशियाना – दीघा इलाके से एक कथित बड़े शराब सप्लायर को गिरफ्तार किया है। उसका संबंध यूपी के एक बड़े स्प्रिट सप्लायर से भी बताया जा रहा है। जिस पर बिहार के अलग-अलग जिलों में स्प्रिट और अवैध शराब की बड़ी बड़ी डिलेवरी पहुंचाने का आरोप है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया है कि पुलिस ने उक्त माफिया की गिरफ्तारी पटना से की है जिसकी पहचान रोहतास जिले के रहने वाले राजेश सिंह के रूप में हुई है। राजेश सिंह लंबे समय से नशीले पदार्थों और शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कथित स्प्रिट माफिया सूरज कुमार के नेटवर्क में रहकर बिहार के कई जिलों में अवैध स्प्रिट की खेप सप्लाई कर रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पटना के आशियाना दीघा रोड इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां छापेमारी की और राजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए पूर्वी चंपारण लाया गया, जहां डीएसपी सदर 2 जितेश पांडे सहित कई पुलिस अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे है । बहरहाल उसके मोबाइल को भी खंगाला जा रहा है जिससे उसके सिंडिकेट का पूरी तरह खुलासा हो सके। वही यह भी सूचना मिल रही है कि राजेश सिंह का संबंध बिहार के एक राजनीतिक पार्टी से भी रहा है।

