कोटवा काॅलेज कैंपस में छात्र रितेश हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। जिले के कोटवा स्थित कॉलेज परिसर में हुए छात्र रितेश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वतरित कारवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर घटना में शामिल एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश में 11 मई को कझिया कॉलेज गेट के पास रितेश कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान चार आरोपियों की पहचान की थी। इनमें से कोटवा थाना क्षेत्र के बड़हरवा कला निवासी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
छापेमारी दल में सदर-2 डीएसपी जितेश कुमार पाण्डेय कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल थे।डीएसपी सदर-2 जितेश पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
हत्या की इस वारदात में शामिल अन्य तीन आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणो का पता लगाने में जुटी है।

