मोतिहारी प्रधान पथ स्थित एक शो रूम पर दिनदहाड़े फायरिंग, बाजार में दहशत
मोतिहारी। मीना बाजार – छतौनी मेन रोड पर स्थित एक शो-रूम पर मंगलवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली काॅपरेटिव बैक के सामने पुमा के शो रूम के बोर्ड पर लगी है। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की है। इस मामले में सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शो रूम संचालक से पूछताछ की। शो रूम संचालक राजू कुमार से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ किया गया और उन्हें जरूरी निर्देश दी गई। आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद एक बार शहर में लोगों के अंदर भय और संशय का माहौल बन रहा है। थानाध्यक्ष छतौनी मृत्यंजय कुमार पासवान ने बताया है कि शो रुम संचालक गोली चलने की बात से इनकार कर रहे है। ऐसे में इस घटना को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है,हालांकि मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम घटना की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सभी बिंदुओं पर अपने एंगल से पड़ताल की जा रही है और शीघ्र ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो जायेगी।

