हरसिद्धि में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एक महिला गिरफ्तार

हरसिद्धि में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एक महिला गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत मठलोहियार छतौनिया टोला गांव में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जबकि शनिवार सुबह शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ध्रुप पटेल के 22 वर्षीय पुत्र अजय पटेल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अजय को उसकी कथित प्रेमिका सब्बू खातून ने रात में अपने घर बुलाया था। इसी दौरान महिला के पति असलम (पिता सोबराती मियां) ने दोनों को एक साथ देख लिया। गुस्से में आकर असलम ने अजय की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को मृतक के बथान स्थित झोपड़ी में फंदे से लटका दिया।शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, तो गांव में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार और थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल टीम और खोजी कुत्तों की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई।पुलिस ने मृतक के पड़ोस में रहने वाली सब्बू खातून को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने प्रेम संबंध और घटना की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी असलम फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग में हुई हत्या का है और पुलिस ने इसका उद्भेदन कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक अजय पटेल तीन दिन पहले ही बाहर प्रदेश से अपने घर लौटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page