फूहड़-अश्लील गानों पर लगेगी रोक, महिलाओं की सुरक्षा-सांस्कृतिक मूल्यों को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. प्रमोद कुमार

फूहड़-अश्लील गानों पर लगेगी रोक, महिलाओं की सुरक्षा-सांस्कृतिक मूल्यों को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. प्रमोद कुमार
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार सरकार में कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री के रूप में डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभाग की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए समाज में फूहड़ और अश्लील गानों पर रोक लगाने की बात कही।पदभार ग्रहण के उपरांत मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभाग निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अश्लील और फूहड़ गानों का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और इससे लोगों की मानसिकता प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा, “अश्लील गानों से हमारी मनोवृत्ति खराब होती है। इसके मद्देनजर ऐसे फूहड़ और अश्लील गानों पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।” मंत्री ने कहा कि इससे समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी।

स्कूलों और कॉलेजों में नाटक की पढ़ाई के लिए नाट्य शिक्षकों की बहाली के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर विभागीय अधिकारियों के साथ अध्ययन कर जल्द निर्णय लिया जाएगा।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य की लोककलाओं, सांस्कृतिक धरोहरों, संग्रहालयों, रंगमंच और युवा कलाकारों को प्रोत्साहन देना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी विरासत और परंपराओं से जोड़ने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।

मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना, गुरु-शिष्य परंपरा योजना, कला एवं फिल्म शिक्षा से जुड़ी छात्रवृत्ति योजनाओं तथा बिहार में फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और फिल्म सब्सिडी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि राज्य के कलाकारों, युवा प्रतिभाओं और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग निरंतर कार्य करेगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page