अवैध हथियार का कारोबार करने वाले गिरोह का खुलासा, विदेशी पिस्टल के साथ चार बदमाश गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के कारोबार से एक गिरोह का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद किया है।
दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि छौड़ादानो बाजार में कुछ युवक अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए छौड़ादानो बाजार निवासी 25 वर्षीय आकाश कुमार, 24 वर्षीय सूरज कुमार, 21 वर्षीय ऋतुराज कुमार और 17 वर्षीय विक्रम कुमार को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आकाश कुमार के घर में छापेमारी की, जहां से 7.65 एमएम का विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सभी युवक लखौरा थाना क्षेत्र के धूमनगर निवासी दिलीप कुमार के आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं।
पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और हथियार आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पूछताछ में सूरज कुमार ने स्वीकार किया कि वह पहले भी एक पिस्टल करीब डेढ़ लाख रुपये में बेच चुका है। उसने बताया कि बरामद पिस्टल को बेचने की बातचीत पिछले कई दिनों से चल रही थी।

