सड़क हादसे में पंडित और नाई की हुई मौत,ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
मोतिहारी। पकड़ीदयाल थाना अंतर्गत एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। नतीजतन आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर करीब दो घंटे तक यातायात अवरूद्ध कर दिया। हादसा बड़कागांव के समीप भारतमाला रोड की बताई गई है।
बताते है कि गुरुवार सुबह सड़क किनारे दो शव देख लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। तत्पश्चात पुलिस दोनो मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान बड़कागांव वार्ड संख्या-13 निवासी सत्यनारायण राम (65वर्ष) और सूरज कुमार (19वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सत्यनारायण गांव में पूजा-पाठ का कार्य करते थे, जबकि सूरज कुमार नाई का काम करता था। दोनों बुधवार की रात रामपुरवा गांव में शादी-विवाह के मटकोर पूजा में शामिल होने गए थे। लेकिन दोनो घर वापस नही लौटे।
नतीजतन परिजन खोजबीन जुट गये। इसी बीच जानकारी मिली कि बड़कागांव ढाला के पास भारतमाला हाईवे किनारे दो लोगों के शव पड़े हुए हैं। परिजनों ने जाकर देखा तो उन्हे समझ में आ गया कि दोनो सड़क हादसे के शिकार हो गये है। पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

