हरसिद्धि पुलिस ने तीन जगहों से देशी व विदेशी शराब के साथ चार युवको को दबोचा
मोतिहारी। हरसिद्धि पुलिस ने शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में देशी चुलाई और विदेशी शराब के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार युवकों में पश्चिम चम्पारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जौकटिया गांव निवासी कुंदन कुमार और नीतीश कुमार शामिल हैं। इनके पास से एक बाइक की डिक्की में रखी विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा ओलाहा मेहता टोला में की गई छापेमारी के दौरान शराब कारोबारी दशरथ मांझी को करीब 20 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, पुलिस ने कोटवा थाना क्षेत्र के फतुहा गांव के दो युवकों को भी खदेड़कर पकड़ लिया।
इनके पास से भी विदेशी शराब बरामद हुई है। पकड़े गए युवकों की पहचान विकास मिश्र और नंदकिशोर कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बुधवार को सभी गिरफ्तार युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

