नव चयनित 52 पैनल अधिवक्ताओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार में योगदान दिया
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, के तत्वावधान में बुधवार को नव चयनित पैनल अधिवक्ताओं ने औपचारिक रूप से योगदान दिया । कार्यक्रम प्राधिकार के कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां सभी अधिवक्ताओं ने सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नितिन त्रिपाठी के समक्ष अपना योगदान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मोतिहारी में 30, अरेराज में 10 तथा सिकरहाना (ढाका) में 12 नव चयनित पैनल अधिवक्ताओं ने योगदान दिया। सभी अधिवक्ताओं का स्वागत करते हुए सचिव ने उन्हें प्राधिकार की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि पैनल अधिवक्ता न्यायिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनकी भूमिका आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय दिलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। नव चयनित अधिवक्ताओं को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, जो 09 मई को आयोजित होने वाली है, नतीजतन विभिन्न बेंचों में कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करते हुए अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य अधिक से अधिक लंबित वादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर न्यायालयों के बोझ को कम करना तथा आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करना है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता में पैनल अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत अहम है।

