रिकार्ड बारिश से बढ़ने लगी परेशानी
-फसलें डूबी, नदी के पानी का बाहरी क्षेत्र में फैलाव शुरू
– भवानीपुर में नदी का तेजी से कटाव शुरू
सुगौली। पिछले दो दिनों से लगातार हुई जम कर बारिश ने जन जीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है।विभागीय रिपोर्ट के अनुसार दो दिनों में 116 मिलीमीटर और 228 मिलीमीटर बारिश हुई है। जो एक रिकार्ड बारिश बतायी जा रही है।
बारिश से हजारों एकड़ तैयार फसल प्रभावित हुआ है।बिजली के कई खंभों के गिरने,तार टूटने और पेंड़ गिरने से दो दिनों से पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ है।सुगौली-रक्सौल एशियन हाइवे 527 डी में सिकरहना पुल से पहले करीब दस फीट रोड धस गई है।
हालांकि रोड धसे जगह पर एनएचआई ने सावधानी के तौर पर ब्रेकेटिंग करा दिया है।वहीं भारी बारिश के कारण सिकरहना नदी उफन गई है।और लालपरसा धुमनी टोला से उत्तर ध्वस्त रिंग बांध से नदी का पानी तेजी से निकल रहा है।जो लालपरसा,चिलझपट्टी, बेलवतिया,माली,गोड़ीगांवा,सहित दक्षिण पूर्वी सरेही क्षेत्र में तेजी से फैल रहा है।
नदी से बाहर निकल रहे पानी से किसान दोहरी मार झेल रहे।काफी खर्च कर तैयार किये गए धान की फसल पानी से गिर गया है और डूब कर नष्ट हो रहा रहा है। किसान जान जोखिम में डाल कर जैसे तैसे धान की पकी फसल को थोड़ा बहुत बचा पा रहे हैं।वहीं तैयार गन्ने की फसल भी गिर गई है।जिससे किसानों की कमाई पर भी प्रभाव पड़ेगा।
नदी से निकल रहा पानी सुगौली शहर के उत्तर पूर्वी क्षेत्रों में फैलने लगा है।शहर के निचले क्षेत्रों में बरसात का पानी भर गया है।अगर सिकरहना नदी का जलस्तर बढ़ता रहा तो बाढ़ से अधिक परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बांध की मरम्मत कराई जाती तो आज यह स्थिति नहीं बनती। ग्रामीण स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरकार से त्वरित राहत और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।वहीं उत्तरी छपरा बहास पंचायत के भवानीपुर गांव के वार्ड 9 की स्थिति कुछ ज्यादा हीं खराब है।
गांव के सामने नदी का कटाव तेजी से हो रहा रहा।पूर्व मुखियापति बिनोद ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से कटाव रोकने के लिए कोई सटीक उपाय नही किया गया है।जल संसाधन विभाग के लोग बालू भारी कुछ बोरियां नदी किनारे रख छोड़ गए।किसी तरह का कटाव रोधी काम नही किया गया।

