बंजरिया प्रखंड के सिसवा पूर्वी पंचायत में हुई अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक
मोतिहारी। बंजरिया प्रखंड के सिसवा पूर्वी पंचायत के पंचायत सरकार भवन के सभा कक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में सदर अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की गई।
इस अवसर पर अनुमंडल के बंजरिया, मोतिहारी सदर, तुरकौलिया, कोटवा, सुगौली, पीपराकोठी प्रखंड के बीडीओ, सीओ, आवास पर्यवेक्षक और मनरेगा पीओ सहित सभी विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय की योजनाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान षष्ठम व पंद्रहवीं वित्त आयोग, ग्रामीण आवास योजना, पेयजल, मनरेगा, जन वितरण, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित दाखिल खारिज, आदि मामले तलब किए गये। इस दौरान आरोपित कर्मियों की लापरवाही पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाई।
बैठक के बाद डीएम सौरभ जोरवाल, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, एसडीएम निशांत सिहारा व भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रीति सिंह ने पंचायत सरकार भवन के पास अवस्थित पार्क, लाइब्रेरी तालाब का अवलोकन कर पंचायत के मुखिया तान्या प्रवीण से उसके सौंदर्याकरण पर बात की। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री द्वारा पंचायत में जल संचय एवं जन कल्याणकारी कार्यों के लिए उक्त मुखिया सम्मानित की जा चुकी है।

