नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करते चीनी नागरिक गिरफ्तार

नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करते चीनी नागरिक गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट (आईसीपी) पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक चीनी नागरिक को संदिग्ध हालात में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार 41 वर्षीय झोउ ह्यून को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, झोउ ह्यून चीन के हुनान प्रांत के चेंग टाउसन गांव का निवासी है। उसे सोमवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के आईसीपी कमांडर एवं उप निरीक्षक (सामान्य) सूरत सिंह चौहान और उनकी टीम ने जोगबनी आईसीपी परिसर से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह बिना वैध दस्तावेजों के भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।

गिरफ्तारी के बाद एसएसबी और खुफिया एजेंसियों ने उससे गहन पूछताछ की। इसके बाद सूरत सिंह चौहान के आवेदन पर जोगबनी थाना में कांड संख्या 117/26, दिनांक 04 मई 2026 को इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट-2025 की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच की जिम्मेदारी अपर थानाध्यक्ष विष्णुकांत को सौंपी गई है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि झोउ ह्यून नेपाल में टूरिस्ट वीजा पर आया था और वहीं से बिना भारतीय वीजा के अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। वह नेपाली नंबर की स्कूटी (बीए 54 पी 3711) से आईसीपी पहुंचा था।

तलाशी के दौरान उसके पास से 600 रुपये भारतीय मुद्रा, 7,595 रुपये नेपाली मुद्रा, नागरिकता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, छह विभिन्न प्रकार के कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और तीन 5जी चीनी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इन सामानों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके भारत आने के पीछे कोई अन्य उद्देश्य तो नहीं था।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page