हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रहे इंडिगो विमान में पावर बैंक में लगी आग, इमरजेंसी एक्जिट से निकाले गए सभी यात्री

हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रहे इंडिगो विमान में पावर बैंक में लगी आग, इमरजेंसी एक्जिट से निकाले गए सभी यात्री
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रहे इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-108 को मंगलवार को लैंडिंग के बाद आपातकालीन स्थिति में खाली कराना पड़ा।दरअसल इस विमान के रन-वे पर रुकने के दौरान एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई, जिसके बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित तरीके से विमान के इमरजेंसी एक्जिट से तुरंत बाहर निकाला गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने के बाद आपातकालीन निकासी अभियान शुरू किया गया। यह घटना हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो एयरलाइन की उड़ान में हुई। अधिकारियों के अनुसार यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई108 में हुई। इस विमान के लैंडिंग के बाद जब विमान पार्क किया गया, तभी एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने की सूचना मिली। हालात की नाजुकता को समझते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत आपात प्रक्रिया अपनाई और यात्रियों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

इंडिगो ने मीडिया को दिए एक बयान में इसकी पुष्टि की है। एयरलान ने कहा कि हैदराबाद से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की फ़्लाइट 6ई 108 लैंडिंग के बाद खड़ी थी, तब एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने की घटना सामने आई। इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचाया गया है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों की सहायता और देखभाल के लिए एयरपोर्ट पर टीम तैनात की गई है। घटना के समय विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page