सूखा नशा के खिलाफ रक्सौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार
रक्सौल। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सूखा नशा के खिलाफ छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 10 ग्राम स्मैक, 220 ग्राम चरस जैसा पदार्थ, इलेक्ट्रिक तराजू, लाइटर और चिलम बरामद किया।
थानाध्यक्ष आईपीएस हेमंत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिली थी कि शहर के गांधीनगर करकट स्थित एक किराए के मकान में सूखा नशा का कारोबार चल रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई कौशलेश पांडेय, कृष्ण मुरारी और जितेंद्र कुमार शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांधीनगर में छापेमारी की। इस दौरान मौके से बृजकिशोर यादव उर्फ सिपाही यादव, परमेश कुमार, नवनीत कुमार और विशाल कुमार सभी अहिरवा टोला निवासी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना कांड संख्या 204/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

