नवनिर्मित कल्याणपुर माॅडल थाना का विधायक ने किया उद्घाटन
कल्याणपुर। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को आधुनिक बनाने की दिशा में सोमवार को स्थानीय विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने फीता काटकर नवनिर्मित ‘मॉडल थाना’ भवन का विधिवत उद्घाटन किया।
यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इस भवनलगभग 5 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से बना है । यह चार मंजिला (जी+3) भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इस नए भवन के बन जाने से न केवल पुलिसकर्मियों को कार्य करने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा, बल्कि अपनी समस्याओं को लेकर आने वाली आम जनता को भी बैठने और अपनी बात रखने के लिए बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
इस प्रखण्ड मे 1980 से थाना अंचल भवन में चल रहा था । मिली जानकारी के अनुसार कल्याणपुर थाना की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी। पिछले 45 वर्षों से यह थाना अंचल कार्यालय (सीओ ऑफिस) के पुराने भवन में संचालित हो रहा था। जगह की कमी और पुराने ढांचे के कारण पुलिसकर्मियों और फरियादियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सरकार की इस नई पहल से अब कल्याणपुर को एक भव्य और मॉडल भवन मिल सका है।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विकास को लेकर विधायक ने अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस मौके पर केसरिया इंस्पेक्टर निकू सिंह, इंस्पेक्टर खालिद अंसारी, थानाध्यक्ष विनीत कुमार, अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और प्रियंका कुमार उप प्रमुख पूजा रोशन, राकेश रौशन, वीरेंद्र पटेल, सियावर सिंह, ब्रजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद थे ।वही नए मॉडल थाना भवन के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी और पुलिस-पब्लिक फ्रेंडली माहौल को बढ़ावा मिलेगा।

