राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर निकला पथ संचलन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के  शताब्दी वर्ष पर निकला पथ संचलन
Facebook WhatsApp

रक्सौल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष पर रविवार को रक्सौल नगर में विजयादशमी उत्सव सह शस्त्र पूजन के साथ ही भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया।

शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर सह विवाह भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं महापुरुषों के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर विशेष बौद्धिक सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें चम्पारण विभाग प्रचारक नीतीश कश्यप एवं सह प्रांत संघचालक डॉ. (प्रो.) राजकिशोर सिंह ने उपस्थित स्वयंसेवकों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए शताब्दी वर्ष के तहत चलाए जा रहे विविध कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना से लेकर आज तक उसकी यात्रा अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा की मिसाल रही है, और शताब्दी वर्ष प्रत्येक स्वयंसेवक के लिए नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने वाला है।

इस मौके पर विशेष आमंत्रित अतिथि भरत प्रसाद गुप्ता ने भी संघ के कार्य और समाज के प्रति उसके योगदान को रेखांकित करते हुए स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। बौद्धिक के उपरांत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रक्सौल के बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में घोष की धुन पर अनुशासित पंक्तियों में पथ संचलन निकाला।

पथ संचलन श्रीराम-जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर पोस्ट ऑफिस रोड, मेन रोड और नगर के प्रमुख चौक-चैराहों से होता हुआ लगभग चार किलोमीटर तक निकाला गया, जिसमें बालक से लेकर प्रौढ़ तक सभी आयु वर्ग के स्वयंसेवक शामिल हुए। पथ संचलन का दृश्य देखते ही बनता था, जब घोष की ताल पर कदमताल करते स्वयंसेवक एक स्वरूप में नगर की सड़कों से गुजर रहे थे।

इस दौरान नगर की सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में नागरिक खड़े होकर पथ संचलन का स्वागत करते रहे, वहीं विभिन्न मुहल्लों की छतों से पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया। चार किलोमीटर लंबे इस अनुशासित पथ संचलन ने नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष की महत्ता को जन-जन तक पहुँचाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान नगर का वातावरण देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।

इस मौके पर डॉ. (प्रो.) राजकिशोर सिंह सह प्रांत संघचालक, हेमन्त वर्णवाल बस्ती प्रमुख, विकास कुमार जिला सेवा प्रमुख, अमरेन्द्रम पाण्डेय जिला बौद्धिक प्रमुख, मनोज कुमार नगर संपर्क प्रमुख, भरत कुमार नगर कार्यवाहक, अरूण कुमार सामाजिक सद्भाव प्रमुख समेत रजनीश प्रियदर्शी, बैकुंठ सिंह, राजकिशोर सिंह उर्फ भगत, राजकुमार गुप्ता, रविन्द्र मिश्रा, सुरेश कुमार, भूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं नगर के नागरिक उपस्थित रहे।

विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन के सफल आयोजन ने न केवल रक्सौल नगर को शताब्दी वर्ष की अनुभूति से ओतप्रोत किया, बल्कि समाज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मूल्यों एवं आदर्शों को और अधिक मजबूती से स्थापित करने का संदेश भी दिया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page