पटना की 108 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक जलमीनार को मिलेगा नया जीवन: नीतीश मिश्रा

पटना की 108 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक जलमीनार को मिलेगा नया जीवन: नीतीश मिश्रा
Facebook WhatsApp

पटना। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि पटना के वीर चंद पटेल पथ स्थित मिलर हाई स्कूल के समीप 108 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक जलमीनार के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।पटना नगर निगम द्वारा जलमीनार परिसर के विकास, सौंदर्यीकरण एवं कैफेटेरिया निर्माण के लिए लगभग 3.38 करोड़ रुपए की परियोजना हेतु निविदा आमंत्रित की गई है। कार्यकारी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने रविवार काे कार्यालय कक्ष में पत्रकाराें से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विज़न के अनुरूप बिहार की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए उसे आधुनिक सुविधाओं और नए आकर्षण से जोड़ा जा रहा है। पटना की ऐतिहासिक जलमीनार का जीर्णोद्धार इसी संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत लगभग 14,400 वर्गफीट क्षेत्रफल में पूरे परिसर का समग्र विकास किया जाएगा। पर्यटकों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए लगभग 2,500 वर्गफीट क्षेत्रफल में आधुनिक कैफेटेरिया का भी निर्माण किया जाएगा। इससे इस ऐतिहासिक स्थल पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ परिसर का आकर्षण भी बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1915 से 1918 के बीच निर्मित यह लगभग 130 फीट ऊंची जलमीनार पटना की ऐतिहासिक एवं तकनीकी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लगभग 1 लाख गैलन पानी की क्षमता वाली इस जलमीनार की विशिष्ट संरचना और इसका अनूठा फ्लोटिंग इंडिकेटर उस दौर की उन्नत इंजीनियरिंग का परिचायक है।

मंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक जलमीनार के जीर्णोद्धार एवं परिसर के विकास से पटना की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ इसे एक आकर्षक सार्वजनिक एवं पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। परियोजना के माध्यम से ऐतिहासिक धरोहर और आधुनिक जनसुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page