गांधी जयंती पर स्वतंत्रता सेनानी के परिजनो को सम्मानित करने के साथ ही शुरू हुआ 3 दिवसीय बापूधाम महोत्सव
मोतिहारी।गांधी जयंती के अवसर पर गुरूवार को गांधी स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी व परिजनों को राधा मोहन सिंह एवं जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया।
इस अवसर उपस्थित गणमान्य लोगो को संबोधित करते हुए सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के कुर्बानियों की बदौलत आज हमें आजादी मिली है। हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों को याद रखने के लिए इस सम्मान समारोह का आयोजन कर रहे हैं ताकि हमारे युवा एवं आने वाली पीढी को प्रेरणा मिले।हमारे वीर सपूतों ने कितनी बड़ी कुर्बानी दी जिसके चलते आज हम स्वच्छंद वातावरण में स्वतंत्रता पूर्वक जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वी चंपारण बापू की कर्मभूमि रही है और यही वह भूमि है जिसने मोहनदास को महात्मा बना दिया। बापू की याद में अब प्रतिवर्ष 2 अक्टूबर को बापूधाम महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। वही जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानियो के परिजनो के सम्मान के साथ ही तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ हो गया है जिसमें देश के कई सुप्रसिद्ध कलाकार शिरकत करेगे। इस अवसर पर शुक्रवार 3 अक्टूबर को भजन सम्राट अनूप जलोटा का कार्यक्रम गांधी मैदान में होगा एवं 4 अक्टूबर को मशहूर पार्श्व गायक अंकित तिवारी की प्रस्तुति होगी। उन्होंने लोगों को गांधी मैदान आने की अपील की।उन्होने कहा कि हमें गर्व की अनुभूति हो रही है कि आज हम लोग देश को आजाद कराने वाले स्वाधीनता सेनानियों के उत्तराधिकारियों को सम्मानित कर रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर गांधी स्मारक समिति के अध्यक्ष,सचिव, उप महापौर, स्वाधीनता संग्राम सेनानी के परिजन, जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं शहर के गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आदित्य मानस के द्वारा किया गया।

