श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्वीकृति से ग्रामीणों में आक्रोश

श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्वीकृति से ग्रामीणों में आक्रोश
Facebook WhatsApp

चिरैया। प्रखंड के माधोपुर पंचायत में श्मशान की भूमि पंचायत सरकार भवन निर्माण की सूचना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस मामले को लेकर प्रखंड क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के सैकड़ों लोगों ने माधोपुर पछियारी टोला, वार्ड नंबर- 6 स्थित श्मशान की जमीन पर जमा होकर जमकर विरोध- प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे बीपीआरओ संदीप कुमार का घेराव कर लोगों ने अपना विरोध दर्ज किया।

बीपीआरओ संदीप कुमार ने लोगों को समझा-बुझा कर आश्वासन दिया कि वे वरीय अधिकारियों से बात कर पंचायत सरकार भवन निर्माण की दिशा में विधि सम्मत कार्रवाई करने का आग्रह करेंगे।

वहीं मामले को लेकर लोगों में स्थानीय मुखिया नूराना खातून व उनके पति डॉ फैयाज आलम के प्रति नाराजगी देखी गई। पंचायत निवासी शिव शंकर शर्मा, रामजी साह, राम अयोध्या साह, उपमुखिया विश्वनाथ मांझी, भरत साह, शशि भूषण जायसवाल समेत बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि हमारे पूर्वजों के समय से आज तक इस 13 कट्ठा 10 धुर परती जमीन का उपयोग श्मशान के तौर पर किया जा रहा है।

इनलोगों का कहना था कि माधोपुर पंचायत अंतर्गत बगहा बाजार मेन रोड के किनारे 18 कट्ठा सरकारी जमीन पंचायत सरकार भवन बनाने के लिए उपलब्ध है। पंचायत के अधिकांश गांवों को यहां आने-जाने में भी सुविधा होगी, पर इस स्थान को नजरअंदाज कर श्मशान घाट पर पंचायत सरकार भवन बनाने की स्वीकृति दी गई है जो कहीं से उचित नहीं है।

जिस प्रकार प्रशासन द्वारा श्मशान घाट पर पंचायत सरकार भवन बनाने की स्वीकृति दी गई है जो न्याय संगत व जनोपयोगी नहीं है। अगर श्मशान घाट से पंचायत सरकार भवन बनाने की स्वीकृति को वापस नहीं लिया गया तो वे लोग चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे।

वहीं, इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने चिरैया सीओ आराधना कुमारी एवं एसडीएम सिकरहना साकेत कुमार को आवेदन पत्र देकर भवन निर्माण कार्य रोकने की मांग की है।इस बाबत पूछे जाने पर बीपीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा, इसको लेकर वरीय अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page