चोरी हुई बोलेरो गाड़ी को पुलिस ने 5 घंटे के अंदर किया बरामद
हरसिद्धि।थाना क्षेत्र के हरसिद्धि पकड़िया गांव से रविवार की देर रात चोरी हुई बोलेरो गाड़ी को हरसिद्धि पुलिस ने अपनी तत्परता दिखाते हुए 5 घंटे के अंदर बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सर्वेद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि हरसिद्धि पकड़िया निवासी भूलन मियां प्रतिदिन की भांति अपनी बोलेरो गाड़ी को दरवाजे पर लगाकर रात्रि में घर के अंदर सो गए। करीब रात के 1:30 बजे बोलेरो चोर गिरोह के सदस्य आ पहुंचे और गाड़ी को स्टार्ट कर जैसे ही सड़क पर मोड किए कि उसका प्रकाश भूलन मियां को दिखाई दिया, तुरंत वह दौड़ कर रोड पर आए
तब तक चोर गाड़ी लेकर कर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों तरफ से नाकेबंदी कर दी और गाड़ी मालिक भी इसमें लग गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के दबाव को देखते हुए चोर बैरियाडीह पंचायत के घोड़ाघाट पुल के समीप गाड़ी
छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने खोजबीन कर 5 घंटे के अंदर उस गाड़ी को बरामद कर लिया। वहीं गाड़ी मालिक भूलन मियां ने बताया कि गाड़ी ही उनकी रोजी-रोटी थी। पुलिस की तत्परता से उनकी गाड़ी चोरी होने से बच गई। उन्होंने थानाध्यक्ष को धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर ये नहीं होते तो हमारी गाड़ी नहीं मिलती।

