छह माह की गर्भवती विवाहिता से मारपीट, पेट पर लात-घूंसे मारने का आरोप
-घर में बंधक बनी पीड़ित महिला को 112 की पुलिस ने घर से निकाला
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के उज्जैन लोहियार गांव में छह माह की गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता रीना कुमारी (35) ने अपने पति रविन्द्र सिंह, ससुर नवल किशोर सिंह, सास मंजू देवी और पति की भाभी प्रीति कुमारी पर मारपीट, प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने ससुर पर गलत संबंध बनाने का दबाव देने का भी गंभीर आरोप लगाया है। महिला के आवेदन के अनुसार, उसकी शादी एक मई 2026 को प्रेम विवाह के तहत रविन्द्र सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों जानपुल चौक स्थित बाजार समिति के समीप किराये के मकान में रहते थे। गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर पति उसे अपने घर ले गया।
इसके बाद 15 सितंबर 2026 को वह उज्जैन लोहियार स्थित ससुराल पहुंची। आरोप है कि वहां पहुंचने के एक-दो दिनों बाद ही पति समेत अन्य परिजन उसके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की भाभी प्रीति कुमारी ने लाठी-डंडे से मारपीट की और उसके पेट पर लात-घूंसे मारे। साथ ही गर्भस्थ शिशु को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। आरोपितों ने उसके गले से सोने का मंगलसूत्र और कान की बाली भी जबरन छीन लिया। वहीं, सास और ससुर पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
आवेदन में बताया गया है कि मारपीट के बाद उसे घर में बंद कर दिया गया था। किसी तरह उसने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे घर से सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार मिल रही धमकियों के कारण फिलहाल वह अपने मायके सिरहा गांव में रह रही है।
रीना ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग पैसे लेकर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। उसे और उसके गर्भस्थ बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी जा रही है। इसके अलावा छठ पर्व के बाद उसके पति की दूसरी शादी कराने की चर्चा किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।
इस मामले में पीड़िता ने मोतिहारी महिला थाना में आवेदन देकर पति, सास, ससुर और भाभी समेत अन्य आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और गर्भस्थ बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। महिला थानाध्यक्ष मोना कुमारी ने बताया कि रीना कुमारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

