जहरीली शराब कांड: तुरकौलिया में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क
-प्रभावित गांवों में चार मेडिकल टीम कर रही है स्वास्थ्य जांच
-आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी टीम भी हर पल तैयार
मोतिहारी। तुरकौलिया में हुए जहरीली शराब कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय है। सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार के निर्देश पर चार-चार मेडिकल टीम प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किए गए है, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रघुनाथपुर, शंकरसरैया उत्तरी और हरदिया गांवों में कैंप लगाकर लोगों का इलाज कर रही हैं, जबकि आपात स्थिति से निपटने के लिए सीएचसी तुरकौलिया में एक अलग टीम तैनात की गई है।
प्रत्येक टीम में एक चिकित्सक के साथ एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया गया है, ताकि इलाज के साथ-साथ निगरानी भी प्रभावी ढंग से हो सके। बताया गया है कि 3 अप्रैल से ही प्रभावित बस्तियों में लगातार मेडिकल हैं। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बीमार लोगों का सर्वे कर रही हैं।
शंकर सरैया उत्तरी में डॉ. चंद्रभूषण कुमार, पंकज कुमार, एएनएम पिंकी कुमारी शर्मा और खुशबु कुमारी तैनात हैं। वहीं हरदिया में डॉ. मधुप कुमार श्रीवास्तव के साथ एएनएम श्वेता कुमारी, अलका कुमारी, पूजा भारती और सुग्गी देवी कार्यरत हैं। रघुनाथपुर में डॉ. ज्योति कुमारी, सीएचओ पूजा कुमारी, एएनएम शांति सिन्हा और सारिका कुमारी सहित आशा कार्यकर्ता सेवा दे रही हैं।
इधर, सीएचसी तुरकौलिया में इमरजेंसी ड्यूटी के तहत रात 11 बजे तक डॉ. शशि रंजन, एएनएम सोनम कुमारी, बबिता कुमारी, रामजी लाल माली और प्रमोद कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता द्वारा की गई है। डॉ. अर्जुन ने कहा है कि पूरी टीम अलर्ट मोड में काम कर रही है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

