जहरीली शराब कांड का तीन साल बाद फिर गवाह बना तुरकौलिया
– अप्रैल 2023 मे भी हुई थी जहरीली शराबकांड
– तुरकौलिया से ही शुरू हुआ था मरने का सिलसिला
-जिले के तुरकौलिया, हरसिद्धि, पहाड़पुर व सुगौली प्रखंड हुआ था प्रभावित
-2023 मे जिले के 42 लोगों को जहरीली शराब से हुई थी मौत
-शराब कारोबारी के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटे हैं एसपी
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण जिले में एक बार फिर जहरीली शराब कांड ने लोगों को दहला दिया है। तीन साल पहले वर्ष 2023 के अप्रैल माह में भी इसी तरह की घटना का गवाह तुरकौलिया प्रखंड का लक्ष्मीपुर गदरिया बना था। करीब 42 लोगों की जान चली गई थी। एक दर्जन लोगों की आंखों की रोशनी आज तक वापस नहीं आ सकी। उस समय तुरकौलिया, रघुनाथपुर, हरसिद्धि, पहाड़पुर और सुगौली के लोग इस त्रासदी के शिकार हुए थे।
तीन साल बाद एक बार फिर तुरकौलिया में ही जहरीली शराब पुनरावृति हुई है। रघुनाथपुर और तुरकौलिया क्षेत्र के 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग अभी भी बीमार है। मृतकों में रघुनाथपुर बालगंगा के चंदू कुमार, सम्पत साह, लड्डू साह, हरदिया के लाल किशोर राय, हरिलाल भगत, विनोद साह, शंकरसरैया परसौना के परीक्षण मांझी, प्रमोद यादव, योद्धा मांझी और शंकरसरैया शेख शरण टोला के आलियास मियां शामिल हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद आम लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर क्यों तुरकौलिया जहरीली शराब कांड का “हॉट स्पॉट” बनता जा रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यहां शराब कारोबारियों के आगे पुलिस कमजोर पड़ जाती है या इसके पीछे कोई और बड़ा कारण है।
मामले में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस ने सलेमपुर में मिथाइल युक्त स्प्रिट की एक बड़ी खेप बरामद कर ली, फलस्वरूप पुलिस की तत्परता से सैकड़ों लोगों की जान बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि इस कांड के मास्टरमाइंड कन्हैया यादव और सुनील साह सहित एक दर्जन शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही शराब कारोबार को संरक्षण देने के आरोप में शंकर सरैया अहीर टोली के एक चौकीदार भरत राय को निलंबित करते हुए जेल भेज दिया गया है।
तुरकौलिया के तत्कालीन थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को निलंबित किया गया है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और इस अवैध धंधे में शामिल कोई व्यक्ति बख्शे नहीं जाएंगे। जाहिर है एसपी के सख्त रुख के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
बिनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट

