मोतिहारी में जहरीली शराब का तांडव जारी,नौ लोगों ने दम तोड़ा कोहराम 

मोतिहारी में जहरीली शराब का तांडव जारी,नौ लोगों ने दम तोड़ा कोहराम 
Facebook WhatsApp

-मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका 

मोतिहारी। तुरकौलिया एवं रघुनाथपुर थाना अंतर्गत  जहरीली शराब से हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को इलाजरत दो और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

ताजा जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी विनोद साह की मौत पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। वहीं, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकरसरैया परसौना निवासी योद्धा मांझी ने मोतिहारी सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।

शनिवार को मरने वालों में हरदिया के ललकिशोर राय और शंकर सरैया शेख शरण टोला के आलियास अंसारी शामिल थे। वहीं, इससे पहले जयसिंहपुर पुलवाघाट के चंदू प्रसाद, परसौना के प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हरदिया के हरी भगत और बालगंगा के सम्पत साह की मौत हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि सम्पत साह शराब कारोबारी संजीत साह का बड़ा भाई था और उसी के यहां से शराब लाकर सेवन किया था। घटना में अभी भी एक दर्जन से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। लड्डू साह, राहुल पासवान, लोहा ठाकुर और टुनटुन यादव की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, लड्डू साह की हालत बेहद गंभीर है।

इसके अलावा हरदिया के अच्छेलाल पटेल, रमेश यादव, राजकुमार पटेल, भीतहा के राजेश्वर राय, वैशाली के राहुल साह, हिंदरी बाजार के रवि कुमार गुप्ता, परसौना के श्यामाकांत साहनी और गदरिया के अशोक यादव का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि एक अप्रैल की शाम परसौना और बालगंगा में एक साथ शराब पार्टी हुई थी, जिसके बाद से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लगातार हो रही मौतों से बालगंगा, लक्ष्मीपुर, गदरिया और परसौना गांव में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। शंकरसरैया उत्तरी पंचायत के मुखिया अशरफ आलम ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद इस तरह की घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा और एक-एक सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगाया है और लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग के जरिए शराब से दूर रहने की अपील की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। वहीं, सदर डीएसपी दिलीप सिंह ने कहा कि बरामद शराब के नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन लगातार हो रही मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page