रक्सौल में मां दुर्गा का पट खुलते ही दर्शन को उमड़ी भीड़
रक्सौल। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां दुर्गा के आसन को लाने के लिए सोमवार को पारंपरिक डोली यात्रा का आयोजन किया गया।
विभिन्न पूजा समितियों की ओर से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं के जय मां दुर्गा और जय माता दी के उद्घघोष से सर्वत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। शोभायात्रा बेल पूजन के पश्चात सोमवार को मां दुर्गा का पट खोल दिया गया। पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा शहर दुल्हन की तरह सज गया है। जगह-जगह पूजा समितियों की ओर से सड़क के डिवाइडर पर रंगोली, विद्युत लाइटें और जुगनू झालर रात में दिन का एहसास करा रहा हैं, जिनकी चमक-दमक से रक्सौल की सूरत निखर उठी है। पंडालों में दूधिया और स्वर्णिम प्रकाश से सजीव आभा भक्तों को आकर्षित कर रही है, वहीं विभिन्न स्थलों पर मां दुर्गा के भक्ति गीत और जागरण कार्यक्रमों की गूंज वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना रही है। भव्य पंडालों में स्थापित मां की अलौकिक प्रतिमाएं पूरी दिव्यता और आभा के साथ श्रद्धालुओ को आक्रोशित करने लगी हैं, जिन्हें देखने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगने लगी हैं।

