पट खुलते ही श्रद्धालुओं में दिखने लगा भक्ति का भाव
– भव्य पंडालो में स्थापित मां दुर्गे की अलौकिक मूर्ति के दर्शन को उमड़ी भीड़
पीपराकोठी। माता का पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजन अर्चन को उमड़ पड़ी। शारदीय नवरात्र की पावन मौके पर प्रखंड के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रो में भक्तों ने माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। श्रद्धा और उत्साह से ओत-प्रोत भक्तों ने मां से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। प्रखंड मुख्यालय स्थिति पीपराकोठी मुख्य चौराहे व शिव मंदिर चौक सहित जीवधारा, पंडितपूर, मधुछपरा, मठबनवरी, झखरा, सुर्यपूर व दक्षिणी ढेकहॉ में भी मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।पूजा के साथ-साथ पूरे प्रखंड में जगह-जगह मेला भी सज गया हैं।
मुख्य चौराहे स्थित नवयुवक दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। जो अयोध्या राम मंदिर के तर्ज पर निर्माण हुआ है। जिसकी लागत लगभग 15 लाख बताई जाती हैं वहीं शिव मंदिर परिसर में कोणार्क सुर्य मंदिर का निर्माण किया गया है। पंडाल की सजावट और आकर्षक डिजाइन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन रहा है। यहां मनोरंजन और मेलों की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और उत्साह को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भी व्यापक तैयारी की है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं।श्रद्धा और उल्लास से भरे इस पर्व में पूरा पीपराकोठी मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने से पूरा क्षेत्र देवी आराधना और सांस्कृतिक उत्सवों से गूंज रहा है।

