नितिन नवीन का विधायक पद से इस्तीफा

नितिन नवीन का विधायक पद से इस्तीफा
Facebook WhatsApp

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार विधान सभा के सदस्य से इस्तीफा दे दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन का इस्तीफा विधान सभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंप दिया, जिसे मंजूर कर लिया गया है। दरअसल, नितिन नवीन बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र से विधायक थे। अपने इस्तीफे के बाद नितिन नवीन ने बयान जारी कर कहा कि जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उप चुनाव लड़ने का अवसर दिया और 27 अप्रैल 2006 को मै पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।

पिछले 20 वर्षों में पिताजी स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है। नितिन नवीन ने कहा कि मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि बांकीपुर की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार 5 बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया।

सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया। बिहार विधान सभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी ने जब मुझे बिहार सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला तो तब मुझे कई अहम फैसलों, नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन करने में सफलता मिली। इसके लिए में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद व्यक्त करता हूं। मैंने यह हमेशा कहा है कि जनता ने मुझे समस्याएं भी बताई और उन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी मुझे जनता ने हीं दिखाया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page