नीतीश,मोदी और शाह ने बिहार की जनता के साथ किया धोखा:प्रशांत किशोर

नीतीश,मोदी और शाह ने बिहार की जनता के साथ किया धोखा:प्रशांत किशोर
Facebook WhatsApp

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए इसे बिहार की जनता के साथ “धोखा” करार दिया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि अब राज्य के युवाओं को 1 करोड़ नौकरियां देने का वादा कौन पूरा करेगा। प्रशांत किशोर ने इस घटनाक्रम को ‘बिहार की जनता के साथ बड़ा विश्वासघात’ करार दिया है और सीधे तौर पर भाजपा और एनडीए को कटघरे में खड़ा किया है। प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के विदाई की खबरों के बीच सबसे बड़ा सवाल बिहार के युवाओं के रोजगार को लेकर उठाया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जिस मुख्यमंत्री की खुद की ‘नौकरी’ जा रही है, वह बिहार के युवाओं को 1 करोड़ नौकरियां देने का वादा कैसे पूरा करेंगे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार चुनाव 2025 के समय भाजपा और जदयू के नेताओं ने नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल कर जनता से बड़े बड़े वादे किए थे, लेकिन अब वे बीच मझधार में छोड़कर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या अब मोदी और शाह उन नौकरियों की गारंटी लेंगे। नीतीश कुमार की सेहत लंबे समय से ठीक नहीं है।

जदयू और भाजपा के नेताओं को यह बात पहले से पता थी, फिर भी उन्होंने बिहार की जनता के सामने नीतीश को ‘स्वस्थ’ बताकर पेश किया। पीके ने उन तमाम नेताओं को बिहार का ‘गुनहगार’ बताया जिन्होंने नीतीश कुमार के नाम का सहारा लेकर वोट बटोरे। उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसके तहत एक अस्वस्थ व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए रखा गया और अब उन्हें चुपचाप किनारे लगाया जा रहा है। प्रशांत किशोर ने कहा कि अब बिहार का नया चेहरा वही बनेगा जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चाहेंगे। यह बिहार के स्वाभिमान और जनमत का अपमान है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page