एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण 

एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण 
Facebook WhatsApp

– लक्ष्य से अधिक सिलेंडरों की हो रही आपूर्ति, बुकिंग के लिए घबराएं नहीं उपभोक्ता:डीएम 

पूर्वी चंपारण। जिला अंतर्गत एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण में  हरकिशोर राय, डीआईजी चंपारण रेंज, सौरभ जोरवाल जिलाधिकारी एवं स्वर्ण प्रभात पुलिस अधीक्षक शामिल थे। इस अवसर पर दीपक कुमार, एसपीएम मोतिहारी बीपी एवं  राकेश वर्मा, डीजीएम, मोतिहारी टर्मिनल भी उपस्थित रहे। इस क्रम में अधिकारियों ने एलपीजी फिलिंग शेड में आपूर्ति, बॉटलिंग प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी ली।

आईओसीएल के अधिकारियों ने बताया  कि संयंत्र पूरी क्षमता के साथ  कार्यरत है। जिले की मांग को निर्बाध रूप से पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में पेट्रोल एवं डीजल का अतिरिक्त 15 दिन तथा एलपीजी का अतिरिक्त 7 दिन का बफर स्टॉक भी सुरक्षित भंडार में मौजूद है।  दैनिक आपूर्ति भी पूरी तरह सामान्य है।

जिले में एलपीजी आपूर्ति पूर्व के दिनों के अनुसार ही है। जिले में आईओसीएल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल  सहित कुल 115 गैस एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। 01 मार्च से 29 मार्च तक कुल 5,22,735 बुकिंग के सापेक्ष में 4,42,697 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा चुकी है।

29 मार्च को एक दिन में 14,762 बुकिंग के विरुद्ध 14,599 सिलेंडरों का वितरण किया गया, जाहिर है जो औसत अधिक है। सभी 115 वितरक होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचा रहे हैं, जबकि होम डिलीवरी न करने वाली 3 एजेंसियों से जबाब तलब किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में बुकिंग में सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है, जो उपभोक्ता के द्वारा की जा रही अतिरिक्त बुकिंग के कारण है।

आपूर्ति एजेंसी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू है, फलस्वरूप अनावश्यक बुकिंग की आवश्यकता नहीं है।अधिकारियों ने आपूर्ति प्रबंधन पर संतोष व्यक्त करते हुए एलपीजी के निर्बाध संचालन, आवागमन एवं वितरण को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग  का आश्वासन दिया।

वहीं जिला प्रशासन ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील किया है कि अनावश्यक रूप से गैस की अतिरिक्त बुकिंग न करें, घरेलू उपयोग के लिए ही गैस का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06252-242418 पर दें।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page