बांसवारी में फंदे से लटका मिला युवक का शव,जांच में जुटी पुलिस

बांसवारी में फंदे से लटका मिला युवक का शव,जांच में जुटी पुलिस
Facebook WhatsApp

रक्सौल। प्रखंड के पंटोका पंचायत अंतर्गत भरतमही गांव के सरेह स्थित बांसवारी में रविवार सुबह एक युवक का शव बांसवारी में बांस से लटकते देख इलाके में हड़कंप मच गयी। मृतक की पहचान एकडेरवा ग्राम निवासी पुनदेव दास के पुत्र जय दास के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह जब कुछ ग्रामीण दैनिक क्रिया के लिए बांसवारी की ओर गए, तो उन्होंने एक युवक को बांस के पेड़ से फंदे के सहारे लटका देखा। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलने पर हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई।

प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। इधर  मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page