शौर्य स्तंभ स्थल का रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के मुख्य अभियंता के साथ सांसद ने किया स्थलीय निरीक्षण
-15 से 18 अप्रैल तक प्रदर्शनी का होगा आयोजन, ब्रह्मोस मिसाइल, पृथ्वी मिसाइल, आकाश मिसाइल एवं अग्नि मिसाइल के अतिरिक्त रडार सहित अन्य उत्पादों का होगा अवलोकन
मोतिहारी। शौर्य स्तम्भ स्थल पर सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह के साथ रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के मुख्य अभियंता डॉ. बी.के. सिंह, डीआरडीओ के अपर निदेशक बृजेश कुमार, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने निरीक्षण किया। वहीं इसके विकास पर विचार किया गया।
उक्त अवसर पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के चीफ इंजीनियर ने कहा कि सांसद राधा मोहन सिंह के प्रयास से विद्यार्थियों और नौजवानों को प्रेरित करने के उद्देश्य से रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन द्वारा 15 से 18 अप्रैल तक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के मॉडल और उत्पाद की प्रदर्शनी महात्मा गांधी ऑडिटोरियम परिसर में लगाई जायेगी।
उन्होंने कहा कि डीआरडीओ देश की अतिमहत्वपूर्ण संस्था है, जिसकी आपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।सांसद श्री सिंह ने कहा कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन द्वारा उनके मॉडल और उत्पाद की प्रदर्शनी एक बड़ा काम है।
प्रदर्शनी में ब्रह्मोस मिसाइल, पृथ्वी मिसाइल, आकाश मिसाइल एवं अग्नि मिसाइल के अतिरिक्त रडार सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शनी में शामिल रहेंगे। इससे युवाओं और नौजवानों को प्रेरणा मिलेगी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के वौज्ञानिक बन कर देश की सेवा करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि भविष्य में इन मॉडल और उत्पादों को स्थायी रूप से कैसे शौर्य स्तम्भ परिसर में लगाया जाएगा, इसकी भी योजना बन रही है।
उक्त अवसर पर उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, भाजपा मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, निगम पार्षद संजू निषाद, राय रोहित शर्मा, रोचक झा, ऋषभ झा, दिव्यांशु भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।

