अन्नकूट पूजन के अवसर राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी में पूजन को उमड़ी भीड़
सुगौली।नगर के मुख्य बाजार स्थित राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी मठ मंदिर परिसर में अन्नकूट पूजन के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
तत्पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। भगवान के दर्शन और छप्पन भोग की झांकी देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया था। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में शिश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। विशाल भंडारे का आयोजन श्री श्री 1008 महंत जयराम दास बाबा के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
इस अवसर पर बाबा मनीष दास ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव भारतीय सनातन परंपरा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम,भाईचारा और एकता की भावना मजबूत होती है। मौके पर महंत मनीष दास, अंकुर चौधरी, बबलू सर्राफ, संदीप अग्रवाल, मिथिलेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

