औरंगाबाद में सनकी चाचा ने खौफनाक वारदात को दिया अंजाम,दो मासूम भतीजा और एक भतीजी का गला काट कर की हत्या
औरंगाबाद। जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक घटना हुई। इटवा पंचायत के खुटहन गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।आरोप है कि चाचा ने ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर को अंदर से बंद कर दिया गया था।इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और मातम पसरा है। ग्रामीण स्तब्ध हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया है,कि आरोपित अमंत पाल (18) ने अपनी दो भतीजा और एक भतीजी की हत्या कर दी। मृतकों में आयुष (7), अनुष्का (5) और अनीष (10) शामिल हैं।तीनों बच्चों का गला धारदार हथियार से रेता गया। बताया जा रहा है कि घटना बेहद बेरहमी से अंजाम दी गई।तीनों के शव एक ही कमरे में एक साथ पड़े मिले। गले पर गहरे जख्म और चारों ओर खून फैला था।
घटना को अंजाम देने के बाद अमंत ने खुद पर भी हमला कर अपना गला काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।ग्रामीणों ने देखा कि उसकी सांसें चल रही थीं। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बच्चों की मां अनीता देवी ने बताया कि घटना के समय स्नान कर रही थीं। उन्हें दूसरे कमरे से बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी। जब बाहर आईं तो दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर उन्होंने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वेंटिलेटर से घर में दाखिल हुए। अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए।बताया जा रहा है कि आरोपी ने वारदात के दौरान तेज म्यूजिक चला दिया था। ताकि बच्चों की आवाज बाहर न जा सके।
कमरे में इलेक्ट्रिक कटर भी पड़ा मिला है, जो टूटा हुआ था।संभावना है कि उसी से हमला किया गया। ब्लेड तक टूट जाने से हमले की क्रूरता का अंदाजा लगता है। पूरा कमरा खून से लथपथ मिला।
घटना की सूचना मौके पर पहुचे एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी नशा करता था। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

