दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की जिला प्रशासन ने की पूरी तैयारी
मोतिहारी। जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा त्योहार को सौहार्दपूर्ण व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त आदेश जारी करते कहा है,कि पूजा को लेकर विधि व्यवस्था संधारण भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात तथा आम नागरिको की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में है।
इसको लेकर जिले भर में चिन्हित 824 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस सभी पदाधिकारियो को पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।विशेषकर अफवाहों के कारण उत्पन्न होने वाली गंभीर स्थितियों को रोकने के लिए। जिले में संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया गया है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होने बताया है,कि पूरे जिले में कुल 806 स्थानो अस्थाई एवं 149 स्थाई मूर्तियों के बैठाने की सूचना प्राप्त है। सदर अनुमंडल मोतिहारी में 172 अस्थाई एवं 61 स्थाई, चकिया में 182 अस्थाई तथा 15 स्थाई, पकड़ी दयाल में 124 अस्थाई तथा 13 स्थाई, सिकरहना में 94 अस्थाई तथा 09 स्थाई, रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत 108 अस्थाई तथा 21 स्थाई एवं अरेराज अनुमंडल में 127 अस्थाई एवं 30 स्थाई मूर्तियां बैठाई जा रही हैं। विसर्जन दिनांक 03 अक्टूबर से 05 अक्टूबर तक निर्धारित किया गया है।
पूजा को लेकर जिला स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं जो चौबीसों घंटे (तीन पालियों में) 29 सितम्बर के पूर्वाह्न से विसर्जन की समाप्ति तक कार्यरत रहेंगे। जिला के सभी छः अनुमंडलो में वरीय पदाधिकारी नजर रखेंगे, जिनके लिए अतिरिक्त पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी को संवेदनशील पूजा पंडालों के पास ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर बनाने, सीसीटीवी कैमरा की अधिष्ठापन, फोटो कैमरा एवं वीडियोग्राफर एवं ड्रोन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया है कि सभी चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिन्हें 29 सितंबर के पूर्वाह्न से अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
सदर अनुमंडल मोतिहारी में कुल 223 स्थानों पर, सिकरहना अनुमंडल में 114, पकड़ीदयाल अनुमंडल में 107, अरेराज अनुमंडल में 98, चकिया अनुमंडल में 151 तथा रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत 131 चिन्हित स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह बल आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए और आसूचना तंत्र को मजबूत करेंगे और छोटी सी छोटी घटना की जिला कंट्रोल रूम को सूचित करेगे।
इसके अतिरिक्त छतौनी बस स्टैंड स्थित पूजा पंडाल में निदेशक डीआरटीए डॉक्टर कुंदन कुमार एवं स्पोर्ट्स क्लब स्थित मेला में डीआरडीए जयराम चौरसिया की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि पूजा में डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है और अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है। जिला स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित कर दी गई है जो सभी स्थितियों पर नजर रखेगी। जिला में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की, जिसमें बिहार मिलिट्री पुलिस और जिला पुलिस के जवानो तैनाती की गई है। बाइक पेट्रोलिंग भी लगातार गश्त करेगी। महिला सुरक्षा बल की के अलावा सादे लिबास में भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे जो हर तरह की स्थिति पर नजर रखेंगे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला वासियों से दुर्गा पूजा के त्यौहार को पूरे उमंग एवं उत्साह के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है।

