शहर के भवानीपुर जिरात में स्कॉर्पियो पर फायरिंग, बाल बाल बचे दो युवक
-पुलिस ने कई गोली सहित दो राइफल किया जब्त, जमीनी विवाद से जुड़ा मामला
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र के भवानीपुर जिरात में सोमवार की देर रात एक स्कॉर्पियो पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। बताया गया है कि चांदमारी मोहल्ले के कार्तिकेय सिंह ने पुलिस को बताया है कि वह सोमवार की देर रात बसंतपुर बड़का टोला से विजेंद्र सिंह को अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर चला। इस बीच भवानीपुर जिरात में डॉक्टर गुप्ता के क्लिनिक के नजदीक उनके स्कॉर्पियो गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की गई।

उन्होंने इस घटना को लेकर चार लोगों को आरोपित करते हुए पुलिस को आवेदन दिया है। वही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में भवानीपुर जिरात निवासी प्रिय रंजन शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनकी दो राइफल, गन और कई गोलियां भी जब्त करते हुए जांच शुरू की गई है। इस संबंध में डीएसपी सदर वन दिलीप कुमार ने बताया है की घटना के पीछे जमीनी विवाद कारण सामने आ रहा है। स्कॉर्पियो में कई जगह गोली के निशान देखे गए हैं, जिसकी जांच एफ.एस.एल से कराई गई है।

