परामर्शदात्री समिति की बैठक में बैंकर्स से विभिन्न योजनाओं के प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा
– जीविका के कार्यों की लीड बैंक के मैनेजर ने की सराहना
मोतिहारी।समाहरणालय स्थित जिला उद्योग केन्द्र भवन सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की विशेष बैठक अपर समाहर्ता (लोक शिकायत)शैलेंद्र कुमार भारती की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित की गई। उक्त बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम कुमार, आरसेटी निदेशक बिपिन कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक, मत्स्य पदाधिकारी, जीविका प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी गण एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वार्षिक ऋण योजना, ऋण-जमा अनुपात, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, पीएमएसवीए निधि, महिला स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, तथा पशुपालन एवं मत्स्य पालन हेतु केसीसी सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री शुभम कुमार ने पीएमईजीपी एवं पीएमएफएमई की बैंकवार विस्तृत समीक्षा की। वहीं इस वित्तीय वर्ष के शेष समय में संभावित बैंक वार प्रदर्शन पर चर्चा हुई। जिला साख योजना के अन्तर्गत सभी बैंकों से अपना अपना लक्ष्य पूरा कर जिले का प्रदर्शन बेहतर करने का निर्देश दिया गया।
महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र ने जानकारी दी कि पीएमईजीपी के अंतर्गत ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रारंभ हो चुका है तथा ऑफलाइन प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों का विवरण शीघ्र ही पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रबंधकों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया और कहा कि आम जनता के सहयोग से ही सरकारी योजनाओं को सफल बनाया जा सकता है।
अग्रणी बैंक के जिला प्रबंधक ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों को तत्परता से संबंधित बैंकों को प्रेषित किया जाता है। उन्होंने जीविका के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के सभी 27 प्रखंडों के दौरे के दौरान उन्हें कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। इस अवसर पर अगले वित्तीय वर्ष 26-27 के लिए नाबार्ड के बुकलेट का विमोचन किया गया। अंत में, अग्रणी जिला प्रबंधक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

