तुरकौलिया में पर्यावरण की पाठशाला सह पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन
-एक पेड़ माँ के नाम के तहत छात्र-छात्राओ ने स्कूल प्रांगण मे लगाये पौधा
तुरकौलिया।सेवा पर्व पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अंतर्गत वन प्रमंडल मोतिहारी के सहयोग से श्री राजा राम उच्च माध्यमिक विद्यालय, तुरकौलिया में पर्यावरण की पाठशाला सह पौधारोपण कार्यक्रम किया गया। मुख्य अतिथि डॉ० विनय कुमार सिंह ने कहा कि पौधारोपण के माध्यम से हम पर्यावरण और जीवों के बीच संतुलन बनाकर रखें तो हमारा जीवन सुखमय और समृद्ध होगा। अध्यक्षता कर रहे प्रधानाध्यापक मो० इरसाद अहमद ने कहा कि बच्चों में जागरूकता के माध्यम से हम पर्यावरण की रक्षा बेहतर ढंग से कर सकते हैं। पर्यावरणविद विनय कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव दिख रहा है। एक साथ बाढ़ और सुखाड़, तापमान में वृद्धि, कहीं अतिवृष्टि तो कहीं अनावृष्टि, भूजलस्तर का लगातार घटना चिंता का विषय है। पर्यावरण को बचाने के लिए हमें सामूहिक रूप से भी और व्यक्तिगत स्तर पर भी सक्रिय होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की सुरक्षा पौधा लगा कर ही कर सकते हैं। वही, शिक्षक राहुल कुमार दूबे ने बच्चों को प्राकृतिक संतुलन बनाये रखने के लिए आगे आने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और विशेष अवसर पर कम-से-कम एक पौधा लगाने के लिए कहा। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अतिथियों ने इक्को क्लब के सदस्यों के साथ 100 पौधे लगाये। कार्यक्रम को सफल बनाने मे शिक्षिका कुमारी स्वेता के साथ शिक्षक और बच्चों ने अपनी महती भूमिका निभाई।

