मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान गया जिले को दी 744 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान गया जिले को दी 744 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात
Facebook WhatsApp

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में गया जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित कृषि क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्प्रिंकलर पद्धति, ड्रिप सिंचाई, मिलेट्स की खेती का निरीक्षण किया। इन पद्धतियों के द्वारा खेतों में उपजाए जा रहे अनाजों के बारे में जानकारी ली। इन पद्धतियों के माध्यम से खेती में कम पानी का उपयोग होता है और फसल का अच्छा उत्पादन होता है। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रगति के लिए कई कदम उठाए गए हैं। किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। सभी फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा स्थित परिसर से ही रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर गया जिले के लिए 367 करोड़ रुपये की लागत से 553 योजनाओं का उद्घाटन एवं 377 करोड़ रुपये की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। इस क्रम में बांके बाजार प्रखंड अंतर्गत बड़की नदी एवं मझियावां नदी पर दो पुल निर्माण कार्य, गया जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंड सह अंचल कार्यालय सह आवासीय भवन का निर्माण, बारा बांध चेकडैम सिंचाई योजना का निर्माण, लावाबार बीयर पईन योजना का प्रारंभ, इमामगंज बाजार से पकरी (झारखंड बॉर्डर) भाया कोठी, सलैया पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण, प्रखंड गया सदर के ग्राम दुर्वे में 507 आवासन क्षमतावाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य आदि कार्यों के संबंध में में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया की सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करें।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को देखा। इस दौरान जीविका दीदियों के उत्पादों एवं कार्यों को देखा और उसकी सराहना की। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए। मुख्यमंत्री ने 13,334 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 609 करोड़ 07 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने हस्तकरघा बुनकरों द्वारा किए जा रहे सूत कटाई कार्य को देखा। मुख्यमंत्री ने मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण विकास, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभुकों से संवाद किया और उन्हें सांकेतिक चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र, मायापुर, टनकुप्पा के प्रशासनिक सह प्रशिक्षण भवन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को दी जा रही ट्रेनिंग, उनके आवासन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे किसानों का उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त सफीना ए०एन०, मगध प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गया जिला के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, गया जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page