राष्ट्रीय राजमार्ग 139 डब्लू के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए शिविर का आयोजन
-पांच अंचलों एवं 45 मौजों में पूरी की जा रही अधिग्रहण की प्रक्रिया
पूर्वी चंपारण। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-139 डब्लू के निर्माण की दिशा में भू-अर्जन की प्रक्रिया प्रगति पर है। उक्त परियोजना जिले के 5 अंचलों एवं 45 मौजों में संचालित की जा रही है। फलस्वरूप भू -अर्जन से संबंधित आवश्यक अभिलेखों के संकलन एवं रैयतों की सुविधा के लिए हरसिद्धि अंचल में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, कानूनगो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में प्रभावित रैयतों ने भाग लिया। रैयतों द्वारा भूमि से संबंधित आवश्यक दस्तावेज़ जमा किए गए तथा उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
जाहिर है,शिविर के माध्यम से भू- अर्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिला प्रशासन द्वारा रैयतों को समयबद्ध मुआवजा भुगतान एवं प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रहेगा। जिला प्रशासन सभी रैयतों से अपील किया है कि वे आगामी शिविरों में भाग लेकर आवश्यक अभिलेख समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि भू-अर्जन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जा सके।

