अकीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुमे की नमाज,अमन चैन की मांगी दुआएं

अकीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुमे की नमाज,अमन चैन की मांगी दुआएं
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। रमजान के मुबारक माह के आखिरी जुमा पर शुक्रवार को जिले भर में अलविदा जुमा की नमाज पूरे अकीदत, एहतराम और धार्मिक उल्लास के साथ अदा की गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी।रोजेदारों और नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर मुल्क की सलामती, अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और इंसानियत की तरक्की के लिए खास दुआएं मांगीं। नमाज के बाद सामूहिक रूप से दुआ कर रोजेदारों ने आमीन कहा और पूरे वातावरण में रूहानियत का रंग छाया रहा।

इस बार माहे रमजान के 30 रोजे मुकम्मल होने के कारण शुक्रवार को ही अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। उलेमा ने बताया कि रमजान के आखिरी जुमा को अलविदा जुमा कहा जाता है, जिसका मुस्लिम समाज में खास महत्व है। इस मौके पर नमाजियों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। कई लोगों ने इसे रमजान की रहमत, मगफिरत और बरकतों को समेटने का खास दिन बताया।

शहर की बड़ी जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, ईदगाह मैदान मुहल्ला,बंजरिया मस्जिद,अगरवा मस्जिद,बलुआ मस्जिद,नकछेद टोला समेत सभी मस्जिदो में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। मस्जिद परिसरों में जगह कम पड़ने पर कई स्थानों पर नमाजियों को सड़क और खुले स्थानों पर नमाज अदा करनी पड़ी। नमाज के दौरान पूरा माहौल इबादत, खामोशी और रूहानी एहसास से भरा रहा।

 शहर की बड़ी मस्जिद में जगह कम पड़ने के कारण मुख्य पथ पर बड़ी मस्जिद से ऊर्दू लाइब्रेरी तक नमाजियो ने सड़क पर नमाज अदा की। लिहाजा कुछ देर के लिए इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा। अलविदा जुमा के नमाज को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय रहा और दंडाधिकारी के साथ पुलिस अधिकारियों और बलों की भारी तैनाती की गई थी।शहर के प्रधान पथ में एसडीओ निशांत सेहारा व सदर 1 डीएसपी दिलीप कुमार नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन गश्त करते दिखे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page