पशुओ में रेबीज रोग नियंत्रण के लिए 28 सितंबर को होगा शिविर का आयोजन
मोतिहारी।पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के निर्देशानुसार प्रान्तीयकृत पशु चिकित्सालय मोतिहारी पूर्वी चम्पारण में रेबीज रोग के नियंत्रण एवं उन्मूलन हेतु आगामी 28 सितम्बर को एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया जायेगा।
इस एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत पशुओं के लिए रेबीज रोधी निःशुल्क टीकाकरण सह जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
पशु शल्य चिकित्सक मोतिहारी सदर डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य रेबीज रोग का नियंत्रण एवं उन्मूलन, रेबीज से होने वाले बहुमूल्य मानव एवं पशुधन की प्राण-रक्षा तथा लोगों में रेबीज रोग से बचाव एवं नियंत्रण हेतु जागरूकता का प्रसार करना है।
प्रान्तीयकृत पशु चिकित्सालय मोतिहारी पर आयोजित इस एक दिवसीय रेबीज रोधी निःशुल्क टीकाकरण सह जन-जागरूकता कार्यक्रम का समय प्रातः 08:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित है। शिविर के दौरान पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, खानपान एवं देखभाल की जानकारी भी दी जाएगी। पशु शल्य चिकित्सक ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराकर इस अभियान को सफल बनाएं।

