चिरैया विधायक ने दो पुल का किया शिलान्यास,एक का किया उद्घाटन
पताही।चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने शनिवार को चिरैया विधानसभा को विकास की तीन बड़ी सौगात दी। उन्होंने एक साथ 2 महत्वपूर्ण पुलों का शिलान्यास किया साथ ही एक उच्चस्तरीय पुल का उद्घाटन किया।
जिहुली पंचायत में 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा उच्च स्तरीय पूल
विधायक लालबाबू ने पताही प्रखंड अंतर्गत जिहुली पंचायत में जिहुली से सेखी टोला मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त लोहिया पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह पुल लगभग 36 मीटर लंबा और करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा। इसके बनने से न केवल ग्रामीणों की आवाजाही सुरक्षित व सुगम होगी, बल्कि आसपास के गाँवों की कनेक्टिविटी और भी सुदृढ़ होगी।
6.56 करोड़ रुपये की लागत से पताही प्रखंड में बनेगा उच्च स्तरीय आरसीसी पुल
पताही प्रखंड के झंडा चौक से सुगापीपर मार्ग पर मिर्जापुर पेट्रोल पंप के निकट स्थित लोहिया पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास विधायक द्वारा किया गया। यह पुल 86 मीटर लंबा होगा और लगभग 6.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा। इसके निर्माण से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन की कठिनाइयाँ समाप्त होंगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
कोदरिया गाँव में नवनिर्मित पूल किया उद्घाटन
इसी क्रम में, पताही प्रखंड अंतर्गत बेलाहीराम पंचायत के कोदरिया गाँव में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बने उच्च स्तरीय आरसीसी पुल का उद्घाटन विधायक द्वारा किया गया। यह पुल पताही झंडा चौक से सुगापीपर मार्ग को जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगा और हजारों ग्रामीण परिवारों को सुगम आवागमन का लाभ प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता ने कहा कि, पिछले 10 वर्षों में चिरैया विधानसभा ने विकास की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के हर क्षेत्र में कार्य हो रहा है। ये पुल न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूती देंगे बल्कि स्थानीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच को भी आसान बनाएंगे। सभी कार्य क्षेत्र की जनता का विश्वास और मेरे सतत प्रयासों का परिणाम है। जिससे अब आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
विधायक ने कहा कि चिरैया विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के मामले में आदर्श बनाने के लिए वे निरंतर तत्पर रहेंगे।
पताही से श्रीनिवास की रिपोर्ट

