रक्सौल में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

रक्सौल में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
Facebook WhatsApp


सांसद व विधायक हुए शामिल
रक्सौल। अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में शनिवार को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

जिसमें महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य अधिकारों और बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल और रक्सौल के विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा मौजूद रहे। सांसद डॉ. जायसवाल ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक देशभर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत रक्सौल के लोगों को भी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

शिविर में गैर-संक्रामक रोगों जैसे उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई, महिलाओं में एनीमिया की पहचान कर परामर्श दिया गया तथा गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था देखभाल सेवाएं और मातृ-शिशु संरक्षण कार्ड उपलब्ध कराए गए। किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, वहीं कैंसर और टीबी की स्क्रीनिंग, टीकाकरण और आयुष सेवाएं भी प्रदान की गईं।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरत चंद्र शर्मा ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को उनके स्वास्थ्य अधिकारों और आवश्यक सेवाओं के प्रति सजग बनाना है। अनुमंडलीय अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से घर-घर तक पहुंचाने के लिए आभा आईडी भी तैयार की जा रही है।

मौके पर विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने रक्सौल वासियों को बड़ी सौगात की जानकारी देते हुए कहा कि सांसद डॉ. जायसवाल के प्रयासों से केंद्र सरकार ने रक्सौल के दोनों रेलवे फाटकों पर 157.87 करोड़ रुपये की लागत से दो ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति दे दी है, जिससे जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

इस दौरान शिविर में डॉ. विजय कुमार, डॉ. प्रहस्त कुमार, डॉ. राजीव रंजन, बीएचएम आशीष कुमार, भाजपा सांसद प्रतिनिधि राजकिशोर राय उर्फ भगत जी, कन्हैया सर्राफ और मनीष दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं व किशोरियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और स्वास्थ्य जांच के साथ परामर्श भी प्राप्त किया। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का माध्यम बना बल्कि क्षेत्र में महिलाओं की सेहत और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भी देखा गया।

मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक पांडे, महामंत्री अजय पटेल, संयोजक मनीष दुबे, सांसद प्रतिनिधि राज किशोर भगत, राकेश कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि कन्हैया सरार्फ, मृत्युंजय सिंह, प्रवीण कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

रक्सौल से अनिल गुप्ता की रिपोर्ट

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page