दो दिवसीय सुगौली महोत्सव हुआ शुरू
सुगौली।नगर के धनहीँ स्थित एम.जे.के. स्टेडियम परिसर में शनिवार को दो दिवसीय सुगौली महोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा झंडी दिखाकर खेलकूद प्रतियोगिता से हुई। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में सौ मीटर दौड़ बालिका वर्ग में अनन्या कुमारी प्रथम,रिभा कुमारी द्वितीय एवं कनिता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में रितेश कुमार प्रथम,शिवा सत्यम द्वितीय व अजीत कुमार तृतीय रहे। बच्चों की सौ मीटर दौड़ में सनोज कुमार प्रथम,अमर राज द्वितीय और आशीष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 200 मीटर दौड़ में सूरज कुमार, अरमान अली और शाहिल कुमार ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में बब्लू कुमार प्रथम,अतुल कुमार द्वितीय व रामसिष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में राहुल कुमार ने बाजी मारी, बिट्टू कुमार दूसरे और नितेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता में जूनियर टीम वर्ग में सुगौली लेन की टीम विजेता बनी,जबकि सरस्वती विद्या मंदिर की टीम उपविजेता रही। सीनियर टीम वर्ग में सुगौली गांव व आर.एस.एस. की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं उपविजेता सरस्वती विद्या मंदिर की टीम रही।
आयोजक कुंदन कुमार मिश्रा ने बताया कि ऐतिहासिक धरती को समय-समय पर विभिन्न आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि महोत्सव छात्रों की प्रतिभा को निखारने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का मंच है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनसुराज पार्टी के नेता संजीव सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्रों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और यही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए सुगौली स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौजूद रहे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

